हरिबड़ की महिलाओं ने जो रास्ता अपनाया है उसका परिणाम दूरगामी होगा- कलेक्टर श्री वर्मा
बड़वानी : न्यूज़ लीडर्स
“हरिबड़ की स्व सहायता समूह की महिलाओं ने अपने विकास का जो मार्ग अपनाया है वह काबिले तारीफ है। उसका परिणाम दूरगामी प्राप्त होगा, जो बड़वानी जैसे पिछड़े क्षेत्र की महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।”
कलेक्टर श्री शिवराज सिंह वर्मा ने महिला दिवस के अवसर पर ग्राम हरिबड़ में महिलाओं द्वारा लगाए गए अदरक प्रोसेस यूनिट के शुभारंभ अवसर पर उक्त बातें कहीं। इस अवसर पर कलेक्टर ने महिलाओं के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए बताया कि आज शासन महिलाओं के उत्थान के लिए कई शासकीय योजनाएं संचालित कर रहा है । जिससे लाभ उठाकर महिलाएं अपना एवं अपने क्षेत्र का विकास कर सकती है ।

इस अवसर पर कलेक्टर ने उपस्थित महिलाओं एवं किसानों से भी आह्वान किया कि वे अपना एफपीओ बनाकर सामूहिक प्रयास करें इससे उनकी क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी।
इस अवसर पर नवागत जिला पंचायत सीईओ श्री अनिल कुमार डामोर एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अंतर सिंह पटेल ने भी महिलाओं एवं किसानों को संबोधित करते हुए खुशी व्यक्त की कि एक जिला एक उत्पाद के तहत हरिबड़ की श्रीमती मंजू गहलोत ने 24 लाख के ऋण से जो अदरक प्रोसेस यूनिट स्थापित की है उसकी जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री मनोहर अवास्या, श्री पन्नालाल मोगरे, श्री कल्याणसिंह सोलंकी, उपसंचालक उद्यानिकी श्री विजयसिंह, ग्रामीण आजीविका मिशन के श्री योगेश तिवारी, एलडीएम श्री बीआर प्रजापति ने भी प्रेरणादायक उदबोधन दिया । वहीं स्वसहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती मंजू गेहलोत ने बताया कि किस प्रकार उन्होने स्वसहायता समूह का गठन कर हल्दी एवं मशाला का उत्पादन प्रारंभ किया था, जिसके कारण अब बैंक ने उन्हे ‘‘एक जिला एक उत्पाद‘‘ के तहत ‘‘चयनित अदरक‘‘ की प्रोसेसिंग इकाई लगाने के लिए 24 लाख रुपये का ऋण प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना तहत स्वीकृत किया है। इसके लिये वे सभी का आभार व्यक्त करती है।
