Newsleaders : नागपंचमी पर नागलवाड़ी शिखर धाम में सुरक्षा चाक-चौबंद, कलेक्टर-एसपी और DIG ने लिया तैयारियों का जायजा, लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद
Newsleaders : नागपंचमी पर नागलवाड़ी शिखर धाम में सुरक्षा चाक-चौबंद, कलेक्टर-एसपी और DIG ने लिया तैयारियों का जायजा, लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद
न्यूज़ लीडर्स : अखिलेश साहू नागलवाड़ी
नागपंचमी पर्व को लेकर प्रसिद्ध सिद्ध स्थल नागलवाड़ी शिखर धाम स्थित भिलट देव मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।

17 अगस्त को होने वाले पर्व के मद्देनजर रविवार को वरिष्ठ अधिकारियों ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीआईजी निमाड़ रेंज शिमाला प्रसाद, कलेक्टर जयति सिंह और पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस बल को ब्रीफिंग देकर भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग, महिला सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
▪️CCTV और ड्रोन से होगी निगरानी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए CCTV कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

▪️अलग प्रवेश-निकास और बैरिकेडिंग
दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं। मजबूत बैरिकेडिंग और लेन सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं को कतारबद्ध दर्शन कराया जाएगा। किसी भी आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक निकास मार्ग भी चिह्नित किए गए हैं।
▪️पांच स्थानों पर पार्किंग, तीन ड्रॉप गेट
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मंदिर के समीप तक पहुंचने वाले वाहनों को नियंत्रित करने के लिए तीन स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। पर्व के दौरान यातायात का दबाव कम करने के लिए मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा। किसी वाहन के खराब होने या दुर्घटना की स्थिति से निपटने के लिए क्रेन भी तैनात रहेगी।

▪️पेयजल, शौचालय और 24 घंटे मेडिकल व्यवस्था
मेला क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल, चलित शौचालय, साफ-सफाई, कंट्रोल रूम और लाउडस्पीकर के माध्यम से सूचना प्रसारण की व्यवस्था की गई है। आपातकालीन स्थिति के लिए एम्बुलेंस और मेडिकल टीम 24 घंटे अलर्ट रहेगी।
▪️महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस
अधिकारियों ने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष महिला पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों से श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक और सौम्य व्यवहार रखते हुए पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने को कहा।

▪️प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील
जिला प्रशासन ने नागपंचमी पर नागलवाड़ी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से शांति, संयम और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना है।
▪️और अंत में
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीएम राजपुर कुमार सानू देवडिया, डिप्टी कलेक्टर आकाश यादव, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, एसडीओपी बड़वानी महेश सुनैया, एसडीओपी राजपुर बीएल आटोदे सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।