बड़वानी सेंधवा में शिव डोला जुलूस को लेकर पुलिस अलर्ट, ड्रोन से पूरे मार्ग की सर्चिंग, कड़ी सुरक्षा, मोबाइल पेट्रोलिंग तैनात.
▪️बड़वानी सेंधवा में शिव डोला जुलूस को लेकर पुलिस अलर्ट, ड्रोन से पूरे मार्ग की सर्चिंग, कड़ी सुरक्षा, मोबाइल पेट्रोलिंग तैनात
▪️बड़वानी और सेंधवा में शिव डोला जुलूस के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल, ड्यूटी बल को किया ब्रीफ
📍 बड़वानी/सेंधवा : न्यूज़ लीडर्स
बड़वानी और सेंधवा नगर में निकलने वाले पावन शिव डोला जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता कर दिया है। जुलूस शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो, इसके लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जुलूस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने से पहले पूरे जुलूस मार्ग की ड्रोन कैमरे के जरिए सघन सर्चिंग और निगरानी की गई। इस दौरान मार्ग के साथ-साथ आसपास स्थित बहुमंजिला इमारतों को भी जांचा गया।

▪️ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को दी गई ब्रीफिंग
मार्ग की निगरानी पूरी होने के बाद बड़वानी और सेंधवा में ड्यूटी के लिए तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एकत्रित कर ब्रीफिंग दी गई। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।

पुलिस ने जुलूस के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों की निगरानी को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी नजर रखने को कहा गया है।

▪️चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था के तहत जुलूस मार्ग के प्रमुख स्थानों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा फिक्स्ड पिकेट्स और मोबाइल पेट्रोलिंग पार्टियों की भी व्यवस्था की गई है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि शिव डोला जुलूस और पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि से दूर रहें। पुलिस ने आमजन से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
