Newsleaders : राज्यपाल के दौरे को लेकर कलेक्टर ने इंदल उत्सव स्थल का किया निरीक्षण, 23 से 25 दिसंबर तक होगा आयोजन

Newsleaders : राज्यपाल के दौरे को लेकर कलेक्टर ने इंदल उत्सव स्थल का किया निरीक्षण, 23 से 25 दिसंबर तक होगा आयोजन
बड़वानी : न्यूज लीडर्स

मध्यप्रदेश के महामहिम राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने राजपुर तहसील के ग्राम मटली में इंदल उत्सव के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आयोजन स्थल, मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

संभावना जताई जा रही है कि महामहिम राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल इंदल उत्सव के प्रथम दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह तीन दिवसीय इंदल उत्सव ग्राम मटली स्थित इंदल मंदिर परिसर में जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी, भोपाल के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

इंदल उत्सव का आयोजन 23 से 25 दिसंबर 2025 तक किया जाएगा, जिसमें प्रदेश की समृद्ध जनजातीय लोक कला, संस्कृति एवं परंपराओं का भव्य प्रदर्शन होगा।
इस आयोजन में पहले दिन 23 दिसंबर 2025 को
गेड़ी नृत्य, पण्डवानी गायन, मोनिया नृत्य, माटीयारों रास नृत्य, सोंगी मुखोटा नृत्य होगें।

आयोजन के दूसरे दिन 24 दिसंबर 2025 को निमाड़ी गम्मत, भवई नृत्य, चकरी नृत्य, डांडिया रास एवं राठवा जनजातीय नृत्यों का प्रदर्शन होगा। 25 दिसंबर 2025 महाकाल नृत्य, हरबोला गायन, कालबेलिया नृत्य, बधाई नृत्य, गुमुदबाजा नृत्य के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन की सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण की जाएं और आगंतुकों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि इंदल उत्सव जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और प्रचार का महत्वपूर्ण माध्यम है।




