NLS स्पेशल

Russia Ukraine War LIVE : कीव पर तेज होते हमलों के बीच रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेनी सेना से कहा- ‘अपने हाथों में लें सत्ता’

मास्को, एजेंसियां। रूस ने लगातार दूसरे दिन भी यूक्रेन पर अक्रामक हमले जारी रखे हैं। अपने बचाव में यूक्रेन भी रूस पर हमले कर रहा है। रूसी सेना उत्तर पूर्व और पूर्व की ओर यूक्रेन की राजधानी कीव की ओर बढ़ रही है। यह जानकारी समाचार एजेंसी एएफपी ने दी है। वहीं, यूक्रेन शांति चाहता है और रूस के साथ बातचीत के लिए तैयार है, जिसमें नाटो के संबंध में तटस्थ स्थिति भी शामिल हैं। यह बात यूक्रेनी राष्ट्रपति के सलाहकार मायखाइलो पोडोलीक ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी रायटर को बताई है। उन्होंने एक टेक्स्ट संदेश के माध्यम से कहा कि यदि बातचीत संभव है, तो उसे आयोजित किया जाना चाहिए। इसके जवाब में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि यूक्रेन की सेना द्वारा हथियार डालने के बाद ही हम बातचीत के लिए तैयार हैं।

यूक्रेन के अलगाववादियों ने क्षेत्र का विस्तार करने की योजना बनाई

रूसी समर्थित अलगाववादी नेताओं को उम्मीद है कि उनके सैनिक बहुत जल्द यूक्रेन के डोनेट्स्क और लुहान्स्क क्षेत्रों की सीमाओं की ओर बढ़ेंगे। रूसी समाचार एजेंसियों ने शुक्रवार को अलगाववादी नेताओं के हवाले से ये जानकारी दी है। अलगाववादियों जिनकी स्वतंत्रता मास्को ने यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू करने से पहले इस सप्ताह मान्यता दी थी। वर्तमान में उन प्रांतों के केवल कुछ हिस्सों को नियंत्रित करते हैं।

अपने हांथों में सत्ता लें यूक्रेनी सेना: पुतिन

कीव पर तेज होते हमलों के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेनी सेना से कहा कि वह ‘अपने हाथों में सत्ता लें’। साथ ही कहा कि कि यूक्रेन नाजी आतंकियों जैसा बर्ताव कर रहा है। हम यूक्रेन पर कब्जा नहीं करना चाहते हैं लेकिन उसे परमाणु हथियार भी बनाने नहीं देंगे। पुतिन ने सुरक्षा परिषद के साथ बैठक में कहा कि नाटो ने लाल रेखा पार कर ली है।

ब्रिटेन ने कहा रूसी राष्ट्रपति पुतिन पर और अधिक प्रतिबंधों की आवश्यकता

यूरोपीय संघ द्वारा संपत्ति जब्त करने के एलान के बाद ब्रिटेन का भी अहम बयान सामने आया है। ब्रिटेन ने कहा कि बाल्टिक राज्यों सहित उत्तरी यूरोपीय रक्षा सहयोगियों का मानना है कि ‘पुतिन के आंतरिक घेरे’ पर अधिक प्रतिबंधों की आवश्यकता है।

ईयू जब्त करेगा रूसी राष्ट्रपति और विदेश मंत्री की यूरोपीय संपत्ति

यूरोपीय संघ (EU) यूक्रेन पर हमले को लेकर रूस पर बड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। ईयू ने कहा कि वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री लावरोव से जुड़ी यूरोपीय संपत्तियों को जब्त करने जा रहा है।

– रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय (क्रेमलिन) का कहना है कि रूस यूक्रेन के साथ बातचीत के लिए एक प्रतिनिधिमंडल बेलारूस भेजने के लिए तैयार है। आज ही यूक्रेन ने रूस से शांति वार्ता की अपील की है।

1000 से अधिक मारे गए रूसी सैनिक: यूक्रेन

रूस से शांति की अपील के बीच यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसने अब तक 1,000 से अधिक रूसी सैनिकों को मार गिराया है। इसके पहले मंत्रालय ने कहा था कि अब तक यूक्रेनी सेना के 18 टैंक, 7 राकेट सिस्टम और 41 मोटर वाहन तबाह कर दिए गए हैं। साथ ही 150 से अधिक यूक्रेनी सैनिकों ने सरेंडर कर दिया है।

– यूक्रेन पर तेज होते हमलों के बीच यूरोपीय संघ (EU) ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में ‘नाजियों’ जैसा व्यवहार कर रहे हैं।

एस्टोनिया यूक्रेन को भेज रहा टैंक-रोधी मिसाइलें और विमान

एस्टोनिया ने यूक्रेन को टैंक-रोधी मिसाइलें और विमान-रोधी युद्ध सामग्री भेजी है। रक्षा मंत्रालय के महासचिव कुस्ति सालम ने कहा कि हम 25 हजार सूखे भोजन, चिकित्सा उपकरण, व्यक्तिगत उपकरण भेज रहे हैं। साथ ही कहा कि गोला-बारूद, अतिरिक्त मिसाइल और विमान भी यूक्रेन को प्रदान कर रहे हैं।

इजरायल के प्रधानमंत्री ने यूक्रेन के राष्ट्रपति से की बात, मानवीय सहायता की पेशकश की

इजरायल के प्रधान मंत्री नफ्ताली बेनेट ने शुक्रवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की से बात की और मानवीय सहायता की पेशकश की है। बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री बेनेट ने लड़ाई के जल्द खत्म होने की उम्मीद दोहराई और कहा कि वह इन मुश्किल दिनों में यूक्रेन के लोगों के साथ खड़े हैं।

चीनी राष्ट्रपति चिनफिंग ने पुतिन से की बात

यूक्रेन द्वारा शांति वार्ता की अपील किए जाने पर रूस अपनी शर्तों के साथ तैयार हो गया है। इस बीच, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की है। चीनी राष्ट्रपति ने कहा है कि चीन यूक्रेन के साथ बातचीत के लिए रूस का समर्थन करता है।

यूक्रेनी सेना के हथियार डालने के बाद ही यूक्रेन से बात करेगा रूस

रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार को कहा कि मास्को कीव के साथ बातचीत करने के लिए तैयार होगा, लेकिन उसके पहले यूक्रेनी सेना को अपने हथियार डालने होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मास्को नहीं चाहता कि यूक्रेन पर ‘नव-नाजियों’ का शासन हो। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा युद्ध की घोषणा के बाद रूस ने गुरुवार को भूमि, वायु और समुद्र से अपना आक्रमण शुरू किया है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से एक यूरोपीय राज्य पर सबसे बड़ा हमला है।

प्रतिबंधों से मास्को की समस्याएं होंगी पैदा, लेकिन उनका निकाला जाएगा समाधान

क्रेमलिन ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन पर उसके आक्रमण के लिए रूस पर लगाए गए प्रतिबंध मास्को के लिए समस्याएं पैदा करेंगे, लेकिन उन समस्याओं का समाधान किया जाएगा। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ संभावित दंडात्मक उपायों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और यह भी कहा कि रूस ने प्रतिबंधों के खतरे से खुद को बचाने के लिए जानबूझकर विदेशी आयात पर अपनी निर्भरता कम की है।

भारतीयों को निकालने के लिए कोशिशें जारी

यूक्रेन में भारतीय दूतावास अभी भी काम कर रहा है। यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने की कोशिशें की जा रही हैं। दूतावास ने यूक्रेन में सभी भारतीयों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक भारत सरकार हंगरी और रोमानिया के रास्ते निकासी मार्ग स्थापित करने के लिए काम कर रही है।

रूसी हवाई क्षेत्र में ब्रिटेन की उड़ानों पर प्रतिबंध

रूस ने ब्रिटेन पर पलटवार करते हुए ब्रिटिश एयरलाइंस को अपने हवाई अड्डों पर उतरने और अपने एयर स्पेस में उड़ने पर पाबंदी लगा दी है। एयरोफ्लोट पर ब्रिटेन के प्रतिबंध के जवाब में रूस के नागर विमानन प्राधिकरण ने रूसी हवाई क्षेत्र में ब्रिटेन की उड़ानों पर प्रतिबंध लगाया है।

150 से अधिक यूक्रेनी सैनिकों ने किया सरेंडर

रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि अब तक यूक्रेनी सेना के 18 टैंक, 7 राकेट सिस्टम और 41 मोटर वाहन तबाह कर दिए गए हैं। साथ ही 150 से अधिक यूक्रेनी सैनिकों ने सरेंडर कर दिया है। मंत्रालय ने पुष्टि की है कि यूक्रेन के चर्नोबिल न्यूक्लियर पावर प्लांट पर रूस का कब्जा हो गया है।

जेलेंस्की ने जताई आशंका, अगले 96 घंटे में कीव पर रूस को हो जाएगा कब्जा

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूसी सेना राजधानी में दाखिल हो गई है। रूसी टैंक यहां से सिर्फ 32 किमी दूर हैं। इन्हें रोकने के लिए यूक्रेनी सेना ने तीन पुल उड़ा दिए हैं। जेलेंस्की ने आशंका जताई है कि अगले 96 घंटे, यानी 4 दिन में कीव पर रूस का कब्जा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रूसी सेनाएं रिहाइशी इलाकों को टारगेट कर रही हैं। उन्होंने रूसी नागरिकों से अपील की है कि वे इस जंग के खिलाफ प्रदर्शन करें।

News Leaders

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!