Newsleaders : जीवन की अंतिम सांस तक निभाया साथ: बाग में पति-पत्नी की एक साथ निकली शवयात्रा, एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार

Newsleaders : जीवन की अंतिम सांस तक निभाया साथ: बाग में पति-पत्नी की एक साथ निकली शवयात्रा, एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार
न्यूज लीडर्स : धार
धार जिले के बाग नगर में एक ही परिवार से पति-पत्नी की एक साथ निकली दो शवयात्राओं ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में गहरा शोक छा गया और बड़ी संख्या में लोग अंतिम विदाई देने पहुंचे।

बाग निवासी प्रभुलाल प्रजापत 61 वर्ष का आकस्मिक निधन हो गया। पति के निधन के बाद उनकी पत्नी छोटा बाई की तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही समय बाद उनका भी निधन हो गया। बताया जा रहा है कि दिवंगत दंपत्ति बड़वानी जिले के राजपुर में पदस्थ आरक्षक महेंद्र प्रजापति और कृष्णा प्रजापति के माता-पिता थे।
शनिवार को दोनों की शवयात्रा एक साथ निकाली गई। परिवार और समाज की उपस्थिति में दोनों को एक ही चिता पर अग्नि दी गई। इस दृश्य को देखकर उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।

क्षेत्रवासियों में इस घटना को लेकर चर्चा रही कि पति-पत्नी ने जीवन भर साथ निभाने के साथ-साथ अंतिम सांस तक साथ रहने का वादा भी निभाया। अंतिम यात्रा में परिवार ने परंपरागत रीति-रिवाजों और बैंड बाजे के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी। वहीं घटना के बाद समाजजनों और क्षेत्रवासियों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।




