निमाड़ खबरन्यूज़राजकाज

Newsleaders : कसरावद में शांति समिति की बैठक : होली, रंगपंचमी और रमज़ान को लेकर प्रशासन सतर्क, भाईचारा बनाए रखने की अपील

Newsleaders : कसरावद में शांति समिति की बैठक : होली, रंगपंचमी और रमज़ान को लेकर प्रशासन सतर्क, भाईचारा बनाए रखने की अपील

न्यूज लीडर्स : राजेश सुल्ताने, कसरावद

आगामी होली, धुलेंडी, रंगपंचमी एवं रमज़ान जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार शाम कसरावद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों ने भाग लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आपसी भाईचारे को मजबूत करना तथा त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश साझा करना रहा। अधिकारियों ने सभी समुदायों से अपील की कि वे परंपराओं का सम्मान करते हुए संयम और सहयोग का परिचय दें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

बैठक में विशेष रूप से नगर की पारंपरिक “गाढ़ा खिचाई” परंपरा पर चर्चा की गई, जो हर वर्ष धुलेंडी के दिन आयोजित होती है। इस वर्ष चंद्र ग्रहण के कारण यह परंपरा 4 मार्च को संपन्न कराई जाएगी। प्रशासन ने परंपरा के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने का भरोसा दिलाया।

बैठक में तहसीलदार कैलाश डामोर, नायब तहसीलदार मुकेश मचार, थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन, कनिष्ठ अभियंता डी.एस. खांडेकर सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे आपसी समन्वय और सहयोग के साथ त्योहारों को हर्षोल्लास एवं शांति के साथ मनाएं, जिससे क्षेत्र में सौहार्द और एकता का संदेश कायम रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Don`t copy text!