NLS स्पेशलआस्था- धर्मखास-खबरन्यूज़मध्यप्रदेशराजकाजराष्ट्रीय

MP में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना की तारीखें तय, 44 हजार जोड़ों के विवाह का लक्ष्य, 242 करोड़ खर्च होंगे

MP में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना की तारीखें तय, 44 हजार जोड़ों के विवाह का लक्ष्य, 242 करोड़ खर्च होंगे

न्यूज लीडर्स : भोपाल

मध्यप्रदेश सरकार ने गरीब, जरूरतमंद और निराश्रित परिवारों की बेटियों के विवाह को सहारा देने वाली मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए सामूहिक विवाह की तिथियां तय कर दी हैं। इस योजना के माध्यम से राज्य सरकार इस वर्ष 44 हजार से अधिक जोड़ों का विवाह कराने का लक्ष्य लेकर चल रही है।

◾सामूहिक विवाह तिथियां घोषित

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सामूहिक विवाह समारोह चार प्रमुख अवसरों पर आयोजित किए जाएंगे।
▪️अक्षय तृतीया 19 अप्रैल 2026,
▪️देवउठनी ग्यारस/तुलसी विवाह 20 नवंबर 2026 ▪️बसंत पंचमी 11 फरवरी 2027
▪️इसके अलावा स्थानीय जरूरत और मांग को देखते हुए जिला कलेक्टर एक अतिरिक्त तिथि भी निर्धारित कर सकेंगे।

◾न्यूनतम अधिकतम जोड़ों की सीमा

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग के अनुसार, इन आयोजनों को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण बनाने के लिए प्रत्येक सामूहिक विवाह में न्यूनतम 11 और अधिकतम 200 जोड़ों की सीमा तय की गई है। प्रदेश के 55 जिलों में इस योजना के तहत कुल मिलाकर करीब 800 आयोजन प्रस्तावित हैं, जिनके जरिए 44 हजार से अधिक विवाह संपन्न कराए जाएंगे।

◾विवाह में ₹ 55 हजार की सहायता

सरकार इस योजना पर वर्ष 2026-27 में 242 करोड़ रुपये से अधिक खर्च करेगी। योजना के तहत प्रत्येक विवाह में कुल 55 हजार रुपये की सहायता दी जाती है, जिसमें से 49 हजार रुपये सीधे कन्या के बैंक खाते में जमा किए जाते हैं, जबकि 6 हजार रुपये आयोजन समिति को दिए जाते हैं।

पिछले वित्तीय वर्ष का वैवाहिक ब्यौरा

पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 की बात करें तो प्रदेश में इस योजना के तहत 51,899 कन्या विवाह और 28,362 निकाह कराए गए थे, जिन पर कुल 321.41 करोड़ रुपये की राशि व्यय की गई।

◾ऑनलाइन पोर्टल पंजीयन सुविधा

योजना में शामिल होने के लिए पात्र हितग्राही ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य न केवल आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियों के विवाह को सरल बनाना है, बल्कि सामाजिक समरसता और सामूहिक विवाह की परंपरा को भी मजबूत करना है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Don`t copy text!