Newsleaders : मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, नागलवाड़ी और जुलवानिया में तैयारियों का जायजा

Newsleaders : मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, नागलवाड़ी और जुलवानिया में तैयारियों का जायजा
▪️बड़वानी : न्यूज़ लीडर्स
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 2 मार्च को प्रस्तावित बड़वानी जिले के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री के ग्राम नागलवाड़ी में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक और ग्राम जुलवानिया में आयोजित होने वाले भगोरिया उत्सव में शामिल होने से पहले खरगोन रेंज के डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा और कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नागलवाड़ी पहुंचकर मुख्य कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भीलट देव मंदिर का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री और मंत्रीमंडल के सदस्य यहां मंदिर में दर्शन करने के साथ कैबिनेट बैठक में भाग लेंगे और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
“इसके बाद मुख्यमंत्री जुलवानिया में आयोजित पारंपरिक भगोरिया उत्सव में शामिल होंगे।”
कलेक्टर जयति सिंह ने सभा स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था और आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्मी को देखते हुए पेयजल, छाया और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा ने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने हेलीपैड की बैरिकेडिंग, वीआईपी मूवमेंट के रूट और सुरक्षा घेरा मजबूत करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है, ताकि आमजन और वीआईपी मूवमेंट में कोई बाधा न आए। मंदिर दर्शन को लेकर मंदिर परिसर और दर्शन मार्ग की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा नागलवाड़ी में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर प्रदर्शनी और पंडाल तैयार करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम, लोक निर्माण विभाग के अभियंता और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।




