Newsleaders : कसरावद में हर्षोल्लास से हुआ होलिका दहन, चंद्र ग्रहण के बीच शुभ मुहूर्त में संपन्न हुई पूजा

Newsleaders : कसरावद में हर्षोल्लास से हुआ होलिका दहन, चंद्र ग्रहण के बीच शुभ मुहूर्त में संपन्न हुई पूजा
न्यूज लीडर्स : दिग्विजय सिंह पटेल

कसरावद नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में होलिका पर्व पारंपरिक आस्था, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष चंद्र ग्रहण के कारण तिथियों में परिवर्तन होने से पंडितों द्वारा निर्धारित शुभ मुहूर्त के अनुसार 2 मार्च की रात्रि में विधि-विधान से होलिका दहन किया गया।
ग्रहण काल को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं ने शुभ समय में पूजा-अर्चना कर होली माता का दहन किया। परंपरा अनुसार गोबर से बने उपले अर्पित किए गए, वहीं बच्चों द्वारा तैयार की गई विशेष मालाएं भी होली माता को समर्पित की गईं, जो क्षेत्र की लोक संस्कृति और आस्था का प्रतीक बनीं।
क्षत्रिय कुशवाह समाज में इस अवसर पर विशेष उत्साह देखने को मिला। समाज की महिलाओं ने सामूहिक रूप से लंबी एवं आकर्षक मालाएं बनाकर होली माता को अर्पित कीं। पूजा के दौरान महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की सक्रिय भागीदारी से वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।
नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में होलिका दहन सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न हुआ। लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरा क्षेत्र उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।




